वैश्विक जनसांख्यिकीय बदलाव और प्रवासन: वैश्विक स्तर पर श्रमिकों के लिए बढ़ती प्रतिस्पर्धा
विश्व बैंक की ‘वर्ल्ड डेवलपमेंट रिपोर्ट 2023’ के अनुसार, विकसित देशों में तेजी से बढ़ती बुजुर्ग आबादी और घटते कार्यबल के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुशल श्रमिकों और प्रतिभाओं के लिए प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है।
अगले कुछ दशकों में दुनिया के कई विकसित देशों में कार्यबल (काम करने योग्य उम्र की आबादी) में तेजी से गिरावट आएगी। यह जनसांख्यिकीय बदलाव विकासशील देशों के युवाओं के लिए वैश्विक अवसर पैदा कर रहा है। यदि इसका सही प्रबंधन किया जाए, तो यह प्रवासियों के मूल (Origin) और गंतव्य (Destination) दोनों देशों की विकास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा कर सकता है।
जनसांख्यिकीय असंतुलन: विकसित बनाम विकासशील देश
विश्व की आबादी भले ही 800 करोड़ के पार पहुंच गई हो, लेकिन इसका वितरण और आयु पैटर्न बेहद असमान है:
विकासशील देश (जैसे भारत): युवा आबादी में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे उनके ऊपर रोजगार सृजन का दबाव बढ़ रहा है।
विकसित देश (जैसे स्पेन): आबादी घटने लगी है और बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है।
उदाहरण: स्पेन (4.7 करोड़ आबादी) में सदी के अंत तक कुल आबादी एक तिहाई कम हो जाएगी, जबकि 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों की हिस्सेदारी मौजूदा 20% से बढ़कर 39% हो जाएगी।
उभरती अर्थव्यवस्थाएं: मेक्सिको, थाईलैंड, ट्यूनीशिया और तुर्की जैसे देशों की जनसंख्या वृद्धि थमने के कारण इन्हें भी जल्द ही बड़ी संख्या में विदेशी श्रमिकों की जरूरत होगी।
वर्ल्ड बैंक की सिफारिशें: 'मैच-मोटिव फ्रेमवर्क'
विश्व बैंक ने प्रवासन (Migration) के बेहतर प्रबंधन के लिए "Match-Motive Framework" का प्रस्ताव दिया है:
मैच (Skill Match): प्रवासियों के कौशल (Skills) का गंतव्य देश की जरूरतों के साथ सटीक मेल। जितना बेहतर मेल होगा, दोनों पक्षों को उतना ही अधिक आर्थिक लाभ होगा।
मोटिव (Motive): वे परिस्थितियाँ जिनके तहत कोई व्यक्ति प्रवास करता है (जैसे अवसरों की तलाश या मजबूरी/शरणार्थी स्थिति)।
| हितधारक | अनुशंसित नीतियां / कदम |
|---|---|
| मूल देश (Origin Countries) | प्रवासन और श्रमिकों के कौशल विकास को अपनी राष्ट्रीय विकास रणनीति का स्पष्ट हिस्सा बनाएं। |
| गंतव्य देश (Destination Countries) | मांग के अनुसार कुशल प्रवासियों को सुविधाएं दें और स्थानीय नागरिकों की सामाजिक चिंताओं का समाधान करें। |
| अंतरराष्ट्रीय समुदाय | बहुपक्षीय पहलों के जरिए द्विपक्षीय समझौतों और प्रवासियों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करें। |
वैश्विक प्रवासन की मौजूदा स्थिति
गैर-नागरिक आबादी: दुनिया भर में लगभग 18.4 करोड़ लोग (जिनमें 3.7 करोड़ शरणार्थी शामिल हैं) बिना नागरिकता के दूसरे देशों में रह रहे हैं।
वितरण: इनमें से 43% से अधिक लोग निम्न और मध्यम आय वाले देशों में निवास कर रहे हैं।
चालक बल: देशों के बीच वेतन असमानता, जनसांख्यिकीय पैटर्न, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और अवसरों की भिन्नता प्रवासन को और अधिक जरूरी बना रही है।